
-‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत बरेका परिसर, आवासीय एवं वाणिज्यिक क्षेत्रों में विशेष सफाई
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। रेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशों एवं बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत मंगलवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत बरेका परिसर में स्थापित सौर ऊर्जा आधारित उपकरणों एवं सोलर पैनलों की विशेष सफाई की गई। उपकरणों पर जमी धूल-मिट्टी और अन्य गंदगी हटाने के साथ उनकी कार्यशीलता की भी जांच की गई। आवश्यकतानुसार रख-रखाव संबंधी कार्य करते हुए सौर ऊर्जा उपकरणों को नियमित रूप से स्वच्छ एवं क्रियाशील बनाए रखने पर जोर दिया गया।
इसी क्रम में ऑफिसर्स गेस्ट हाउस (OGH) एवं ऑफिसर्स रेस्ट हाउस (ORH) के किचन क्षेत्रों और डस्टबिन की विशेष सफाई की गई। किचन परिसर में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।
बरेका के आवासीय एवं वाणिज्यिक परिसरों में भी व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। जलालीपट्टी मार्केट में सार्वजनिक शौचालयों और नालियों की सफाई कर जमा कचरे एवं गंदगी को हटाया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया।
इस दौरान स्थानीय लोगों और दुकानदारों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। बरेका की ओर से अभियान के माध्यम से स्वच्छ परिसर, स्वच्छ कॉलोनी और स्वच्छ आसपास के वातावरण के साथ स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया जा रहा है।
राजेश कुमार, जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर गति दी जा रही है।




