
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Ayodhya. महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए चलाए जा रहे अभियानों के बीच अयोध्या महिला थाने की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। न्याय की उम्मीद लेकर महिला थाने पहुंची एक मां-बेटी ने थाना प्रभारी पर कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने, गलत आचरण का आरोप लगाने और कार्रवाई के बजाय थाने में बैठाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले से आहत पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
मामला दराबगंज, बीकापुर निवासी समीरा बानो की पुत्री से जुड़ा है। समीरा बानो के मुताबिक, उनकी पुत्री की शादी कोतवाली नगर क्षेत्र के कंधारी बाजार निवासी रहमान के साथ हुई थी। आरोप है कि रहमान ने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना ही दूसरी शादी कर ली, जबकि पहली पत्नी से उसका एक पुत्र भी है।

पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक, पहली पत्नी ने अपने ही कमरे में पति रहमान को एक अन्य महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद पति और उसके परिजनों पर मारपीट कर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि किसी तरह वहां से बचकर निकलने के बाद उसने महिला थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया।
समीरा बानो का आरोप है कि वह अपनी पुत्री के साथ लगातार चार दिनों तक महिला थाने के चक्कर लगाती रहीं, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली। आरोप है कि चौथे दिन जब वे दोबारा थाने पहुंचीं तो थाना प्रभारी का रवैया बदल गया। पीड़ित मां-बेटी का आरोप है कि उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने से इनकार करने के साथ ही उनके विरुद्ध आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और थाने में बैठाने की धमकी भी दी गई।
महिला सुरक्षा और महिला सम्मान की जिम्मेदारी संभालने वाले थाने में ही यदि फरियाद लेकर पहुंची महिलाओं को इस तरह के व्यवहार का सामना करना पड़े, तो आम महिलाओं का भरोसा आखिर कैसे कायम रहेगा? यही सवाल अब इस पूरे मामले को लेकर उठ रहा है।
थाना प्रभारी के कथित व्यवहार से आहत समीरा बानो अपनी पुत्री के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या के समक्ष पहुंचीं और पूरे प्रकरण की शिकायत की। एसएसपी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच कराकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
अब सवाल यह है कि क्या पीड़ित मां-बेटी को न्याय मिलेगा और महिला थाने की कार्यप्रणाली पर उठे इन गंभीर सवालों की निष्पक्ष जांच होगी?




