
Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ में बहुचर्चित होटल कांड के फरार आरोपी सलमान को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई और गिरफ्तारी के प्रयास के बीच वह एक पुल से नीचे गिरकर घायल हो गया। उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
मुठभेड़ के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पुलिसकर्मियों के सामने गिड़गिड़ाता नजर आ रहा है। वीडियो में सलमान को यह कहते सुना जा सकता है, ”सर, गलती हो गई, माफ कर दो, अब नहीं होगी गलती।” वीडियो में पुलिसकर्मी घायल आरोपी को कंधे पर उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
नरहेड़ा गांव के पास छिपे होने की मिली थी सूचना
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के अनुसार, बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी सलमान लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नरहेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही लोहिया नगर और सदर बाजार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान सलमान पास के पुल पर चढ़कर भागने लगा, लेकिन फिसलकर नीचे गिर गया और घायल हो गया।
दलित महिला को बंधक बनाने और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
पुलिस के मुताबिक, सदर बाजार थाने में शिकायत मिली थी कि सलमान नाम के व्यक्ति ने एक दलित महिला को कथित तौर पर बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
आरोपी पर महिला को परेशान करने और शादी के लिए दबाव बनाने के आरोप भी सामने आए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
होटल से युवती को जबरन ले जाने का सीसीटीवी फुटेज हुआ था वायरल
गौरतलब है कि मेरठ के एक होटल से युवती को कथित तौर पर बंधक बनाने और उसके साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया था। आरोप है कि युवती आरोपी के चंगुल से निकलकर भागी तो उसने सड़क पर उसके साथ मारपीट की और जबरन अपने साथ ले गया।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसके बाद मामला काफी चर्चा में आ गया। अब पुलिस ने फरार आरोपी सलमान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




