
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi.चन्दौली आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और पीड़ितों को न्याय दिलाने के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में जनता दर्शन (जनसुनवाई) का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को उन्होंने गंभीरतापूर्वक सुना। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की बातों को धैर्यपूर्वक सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्रों पर स्वयं संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से दूरभाष पर वार्ता कर शिकायतों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली और मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेना और उन्हें न्याय दिलाना चन्दौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संवेदनशील व्यवहार और त्वरित न्याय पर जोर
एसपी आकाश पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस कार्यालय अथवा थानों में अपनी शिकायत लेकर पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ शिष्ट, संवेदनशील एवं विनम्र व्यवहार किया जाए। फरियादियों की बातों को पूरी गंभीरता और धैर्य के साथ सुनकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए, ताकि आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रकरण के तथ्यों और गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
21 प्रार्थना पत्रों पर अधिकारियों को दिए निर्देश
गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन के दौरान कुल 21 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मामलों की समीक्षा कर निस्तारण की आख्या उपलब्ध कराने को कहा।
एसपी आकाश पटेल की इस पहल से जनसुनवाई के माध्यम से पीड़ितों की समस्याओं को सीधे पुलिस के शीर्ष स्तर तक पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को दो टूक संदेश दिया कि जनता की शिकायतों के प्रति जवाबदेही, पारदर्शिता और संवेदनशीलता में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।




