
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. राजातालाब महाराज बलवंत सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मुख्य परिसर, गंगापुर में पूर्व काशी नरेश महाराज डॉ. विभूति नारायण सिंह की जन्मशती समारोह का शुभारंभ शुक्रवार को किया जाएगा। सर्व भारतीय काशीराज न्यास एवं महाराज काशीराज धर्मार्थ निधि, दुर्ग रामनगर, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह समारोह सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा।
समारोह में पूर्व काशी नरेश के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा। महाराज डॉ. विभूति नारायण सिंह का काशी के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं में विशिष्ट स्थान रहा है। उन्होंने शिक्षा, धर्म, संस्कृति एवं समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण में उनकी भूमिका को आज भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान विचार-गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा, जिसमें विद्वान, शिक्षाविद, साहित्यकार, समाजसेवी और गणमान्यजन अपने विचार व्यक्त करेंगे। जन्मशती समारोह के माध्यम से नई पीढ़ी को पूर्व काशी नरेश के जीवन और उनके ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।




