
-रविंद्रपुरी-अस्सी नाले के पास पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दाहिने पैर में लगी गोली, छीनी गई सरकारी पिस्टल, दो खोखा और चार जिंदा कारतूस बरामद
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: बीएचयू परिसर में महिला के साथ अश्लील हरकत करने के आरोपी ऑटो चालक मैनुद्दीन को लंका पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार देर रात रविंद्रपुरी-अस्सी नाले के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को पीड़िता की शिकायत पर ऑटो चालक मैनुद्दीन के खिलाफ थाना लंका में मुकदमा अपराध संख्या 0583/2026 के तहत बीएनएस की धारा 75(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के नरायनपुर का निवासी है, जबकि उसका स्थायी पता मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल बताया गया है।
पुलिस टीम मंगलवार को आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी दुर्गाकुंड ले जा रही थी। इसी दौरान रविंद्रपुरी-अस्सी नाले से कुछ दूरी पहले आरोपी ने पेशाब करने का बहाना बनाकर वाहन रुकवाया। पुलिस के मुताबिक, वाहन रुकते ही उसने हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार को धक्का देकर उनकी सरकारी 9 एमएम पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से छीनी गई सरकारी 9 एमएम पिस्टल, दो खोखा कारतूस और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ एक अन्य मुकदमा अपराध संख्या 0584/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 304(2), 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 7(बी)/27(2) में भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार, बीएचयू चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी, नगवा चौकी प्रभारी नवीन चतुर्वेदी समेत लंका थाने की पुलिस टीम शामिल रही।





