
-*काशी, वरुणा और गोमती जोन में बदले गए उपनिरीक्षक, वरुणा जोन में सबसे ज्यादा 80 और काशी जोन में 69 दरोगाओं को मिली नई जिम्मेदारी*
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने 201 उपनिरीक्षकों (दरोगाओं) के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है। 16 नवंबर 2026 को पुलिस कमिश्नरेट स्थापना बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर यह तबादला सूची जारी की गई है। इसके तहत विभिन्न थानों और पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार *वरुणा जोन में सबसे अधिक 80 दरोगाओं का स्थानांतरण* किया गया है, जबकि काशी जोन में 69 और गोमती जोन में 14 उपनिरीक्षकों को नई तैनाती दी गई है। इसके अलावा 38 उपनिरीक्षकों को रिजर्व पुलिस लाइन भेजा गया है। इस फेरबदल के तहत तीनों जोन के कई थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को दूसरे जोन में स्थानांतरित किया गया है।

*वरुणा जोन में सबसे ज्यादा बदलाव*
तबादला सूची में वरुणा जोन को सबसे अधिक उपनिरीक्षक मिले हैं। काशी जोन के दशाश्वमेध, रामनगर, चेतगंज, कोतवाली, सिगरा, लक्सा, भेलूपुर, जैतपुरा और चितईपुर समेत विभिन्न थानों से दरोगाओं को वरुणा जोन में भेजा गया है। वहीं काशी जोन में भी वरुणा और गोमती जोन के विभिन्न थानों तथा पुलिस लाइन से उपनिरीक्षकों की तैनाती की गई है। गोमती जोन में भी काशी और वरुणा जोन के थानों से दरोगाओं को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

*महिला उपनिरीक्षकों को भी मिली नई तैनाती*
इस स्थानांतरण सूची में पुरुष उपनिरीक्षकों के साथ महिला उपनिरीक्षकों को भी शामिल किया गया है। महिला दरोगाओं को भी काशी और वरुणा जोन समेत अलग-अलग स्थानों पर नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं 38 उपनिरीक्षकों को पुलिस लाइन भेजे जाने से वहां भी तैनाती में बदलाव किया गया है।
*शत-प्रतिशत अनुपालन का निर्देश*
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को स्थानांतरण आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अनुपालन आख्या कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है। आदेश की प्रतिलिपि पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस आयुक्त अपराध, सभी पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और संबंधित थाना प्रभारियों को भी भेजी गई है।
कमिश्नरेट में एक साथ 201 उपनिरीक्षकों के तबादले को पुलिस प्रशासन की दृष्टि से बड़ा बदलाव माना जा रहा है। अब देखना होगा कि नई तैनाती के बाद विभिन्न जोन और थानों में पुलिसिंग व्यवस्था को कितनी मजबूती मिलती है।





