
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
Varanasi. बाबतपुर स्थित केजे इंटरनेशनल होटल में दो लोगों के मृत अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना 16 नवंबर 2026 की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। होटल के एंट्री रजिस्टर में दर्ज जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान जय विकास केसरी (20 वर्ष), निवासी भिखारीपुर, डीएलडब्ल्यू, थाना मंडुवाडीह और प्रिया केसरी (23 वर्ष), निवासी बसनी, थाना बड़ागांव, वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन श्रीमती नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन श्री नृपेन्द्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने होटल के कमरे का निरीक्षण किया और थाना प्रभारी बड़ागांव को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कमरे का दरवाजा तोड़कर खुलवाया, अंदर मिले दोनों के शव
पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। परिजनों की मौजूदगी में होटल के कमरे का दरवाजा तोड़कर खुलवाया गया। कमरे के अंदर युवती का शव मिला, जिसके गले पर चाकू से वार किए जाने का निशान था। वहीं युवक का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया।
रिश्तेदारी में देवर-भाभी की बहन का संबंध
पुलिस के अनुसार, मृतक युवक और युवती आपस में रिश्तेदार थे। युवक, युवती की बहन का देवर बताया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती की हत्या की और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाएंगे शव
पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर रही है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम समेत अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।





