
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. कमिश्नरेट वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस की सक्रियता और रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेखौफ चोरों ने इस बार पलहीपट्टी गांव स्थित वरिष्ठ पत्रकार सुभाष चंद्र सिंह के बंद पड़े पैतृक मकान को निशाना बनाया। हैरानी की बात यह है कि इसी मकान में करीब एक महीने के भीतर दूसरी बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। रविवार देर रात मकान का ताला तोड़कर घुसे चोर एसी, कूलर, पंखा, पुराना बक्सा और उसमें रखे पीतल के कीमती बर्तन, रजाई एवं गद्दे समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान समेट ले गए।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकार सुभाष चंद्र सिंह का परिवार वर्तमान में कैंट थाना क्षेत्र के पत्रकारपुरम कॉलोनी में रहता है। वहीं, पलहीपट्टी गांव स्थित उनका पैतृक मकान बंद रहता है। परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर रहते हैं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान को निशाना बनाया और घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार की सुबह जब चोरी की जानकारी हुई तो परिवार में हड़कंप मच गया। इसके बाद तत्काल चोलापुर पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
एक महीने पहले भी हुई थी चोरी, पहली शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप
इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर इसलिए भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि पीड़ित पक्ष के मुताबिक करीब एक माह पहले भी इसी मकान का ताला तोड़कर चोर बिजली के उपकरणों सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए थे। उस समय भी चोलापुर पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया और जांच के नाम पर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि पहली घटना में गंभीरता से कार्रवाई होती और चोरों की तलाश की जाती तो शायद दूसरी वारदात नहीं होती।
लगातार दूसरी चोरी से ग्रामीणों और पत्रकारों में आक्रोश
एक ही मकान में महज एक महीने के अंतराल पर दोबारा चोरी होना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों के भीतर पुलिस का भय नजर नहीं आ रहा है। वहीं, इस घटना को लेकर पत्रकार जगत में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. श्याम प्रताप सिंह ने चोलापुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चोरी जैसी गंभीर घटनाओं में समय से मुकदमा दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से चोरी गए सामान की बरामदगी, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि एक ही घर में एक महीने के भीतर दूसरी बार चोरी होने के बावजूद अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस क्या ठोस कदम उठाती है? पहली घटना की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो।





