
-132 किसानों ने लिया हिस्सा, वैज्ञानिकों ने मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक प्रयोग और जैव उर्वरक के फायदे बताए
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. किसानों की आय बढ़ाने और खेती को टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान की ओर से शुक्रवार को चोलापुर विकासखंड के भिदुर एवं रामपुर चंद्रावती गांव में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों गांवों में कुल 132 किसानों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को स्वस्थ मिट्टी, संतुलित पोषण और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त करने का संदेश दिया गया।
संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में वैज्ञानिकों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग और सब्जियों की उन्नत खेती के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना खेती की दीर्घकालिक सफलता के लिए बेहद जरूरी है। किसानों को सलाह दी गई कि वे खेतों की मिट्टी की नियमित जांच कराएं, मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनवाएं और उसमें दी गई सिफारिशों के अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग करें, ताकि खेती की लागत कम होने के साथ उत्पादन की गुणवत्ता भी बेहतर हो सके।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को ‘काशी एजोबीसी’ जैव उर्वरक का निःशुल्क वितरण किया गया। वैज्ञानिकों ने इसके उपयोग की विधि और कृषि में होने वाले लाभों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। इसके साथ ही सब्जियों की उन्नत किस्मों और बेहतर उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी देकर किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
इस अवसर पर प्रधान वैज्ञानिक डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव एवं डॉ. हिरणमय दास तथा कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. मनीष पांडेय और डॉ. अमितेश सिंह ने किसानों को खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान बताए। कृषि विभाग की ओर से बीटीएम देवमणि त्रिपाठी तथा एटीएम पंकज भास्कर एवं आरती राय ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में भिदुर गांव के ग्राम प्रधान दीनानाथ सिंह और रामपुर चंद्रावती के ग्राम प्रधान राजेन्द्र यादव की उपस्थिति रही। वैज्ञानिकों ने किसानों से अपील की कि वे पारंपरिक अनुभव के साथ वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाएं और मिट्टी की सेहत सुरक्षित रखते हुए खेती को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाएं।





