
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। सोनभद्र साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र की बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार एक युवक की पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस के प्रयासों से पीड़ित के खाते से ठगी गई 37,731 रुपये 20 पैसे की रकम उसके मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं नोडल अधिकारी ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण और बीजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर टीम ने यह सफलता हासिल की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अंजानी निवासी सौरभ मजूमदार पुत्र निर्मल मजूमदार के साथ अज्ञात व्यक्ति ने लिंक के माध्यम से धनराशि भेजने का झांसा देकर ऑनलाइन धोखाधड़ी की थी। इस दौरान उनके खाते से कुल 37,731.20 रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने NCRP पोर्टल पर प्रकरण का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। टीम ने तत्परता दिखाते हुए ठगी की रकम को तत्काल होल्ड कराया। इसके बाद आवश्यक साक्ष्य जुटाकर MRM पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक शाखा को धनराशि वापस कराने के लिए अनुरोध भेजा गया। पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पीड़ित की पूरी धनराशि उसके मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई।
अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित सौरभ मजूमदार ने बीजपुर पुलिस की साइबर टीम की सराहना करते हुए आभार जताया।
इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकान्त पाण्डेय, कांस्टेबल सरोज अमितकुमार श्रीकृष्ण तथा महिला कांस्टेबल निहारिका पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




