
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. गाजीपुर जुए के विवाद में दो युवकों को गोली मारने के मामले में गिरफ्तार बकराबाद के ग्राम प्रधान संजय बिंद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए। पुलिस की गोली ग्राम प्रधान के दोनों पैरों में लगी है। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, जुए के विवाद को लेकर ग्राम प्रधान संजय बिंद पर दो युवकों को गोली मारने का आरोप है। वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को घटना में प्रयुक्त पिस्टल की बरामदगी के लिए लेकर गई थी।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपी ने बरामदगी के लिए ले जाते समय पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें ग्राम प्रधान संजय बिंद के दोनों पैरों में गोली लग गई।
पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुट गई है। जुए के विवाद में दो युवकों को गोली मारने से शुरू हुआ मामला अब पुलिस मुठभेड़ तक पहुंच गया है।




