
-हथुआ मार्केट से नमो घाट तक निकली शोभायात्रा, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने किया शुभारंभ
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वाराणसी पहुंचे और गोवर्धन पूजा समिति की ओर से आयोजित भव्य शोभायात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर समर्थकों और समाज के लोगों ने फूल-मालाओं, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत किया।
गोवर्धन पूजा समिति के तत्वावधान में शोभायात्रा का शुभारंभ लहुराबीर स्थित हथुआ मार्केट से हुआ। कारगिल युद्ध के वीर योद्धा एवं परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने विधिवत शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशिष्ट अतिथियों एवं आयोजकों के साथ मौजूद रहे।
हथुआ मार्केट से नमो घाट तक गूंजा धार्मिक उल्लास
ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और धार्मिक जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राजघाट स्थित नमो घाट पहुंची। शोभायात्रा में यादव समाज सहित विभिन्न वर्गों के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग पर जगह-जगह स्वागत और अभिनंदन का माहौल दिखाई दिया।
मुख्यमंत्री के वाराणसी आगमन पर एयरपोर्ट पर भी समर्थकों एवं समाज के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री वाहनों के काफिले के साथ आयोजन स्थल के लिए रवाना हुए।
कई प्रमुख हस्तियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज यादव, गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ‘गप्पू’, पूर्व अध्यक्ष कैलाश यादव, इंजीनियर अशोक यादव, पूर्व एमएलसी शिवनाथ यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभाष यादव, अधिवक्ता शिवा यादव एवं विकास यादव, काशी के डोम राजा विश्वनाथ चौधरी बिट्टू, यादव धर्मशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक यादव, जयप्रकाश यादव सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर गोवर्धन पूजा समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों और आयोजन में सहभागी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही काशी की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सनातन परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने और उन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।





