-31 अक्टूबर की शाम किराने की दुकान के पास हुई थी घटना, इलाज के लिए कबीरचौरा अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने किया था मृत घोषित
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: आदमपुर थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर से हमला कर युवक की हत्या किए जाने के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आदमपुर पुलिस ने सर्विलांस और एसओजी टीम की मदद से आरोपी किशन विश्वकर्मा (20) को चंदौली जनपद के शाहूपुरी स्थित उज्ज्वलपुरम से गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना 31 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका भाई घर से नदी की तरफ टहलने निकला था। इसी दौरान किराने की दुकान के पास किशन विश्वकर्मा उर्फ बुड़े ने उसे देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि कुछ ही देर में दूसरे पक्ष के परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और मारपीट करने लगे। इसी दौरान गैस सिलेंडर से हमला कर उसके भाई अंकित को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजन आनन-फानन में घायल अंकित को कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में आदमपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0191/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 352 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली तथा आदमपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 2 नवंबर को किशन विश्वकर्मा को चंदौली के शाहूपुरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में आदमपुर थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, अजय कुमार, अभिषेक त्रिपाठी, अखिल सिंह, महिला उपनिरीक्षक मुन्नी कुमारी, आरक्षी सचिन कुमार गौड़, अशोक कुमार, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह मय टीम तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अश्वनी सिंह शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।





