
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: प्रयागराज साहित्यिक क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए डॉ. शंभुनाथ त्रिपाठी ‘अंशुल’ को प्रथम साहित्य गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। पंडित शंकर नारायण मालवीय स्मृति सम्मान समारोह के अंतर्गत राजरूपपुर स्थित अजय मालवीय के आवास पर सम्मान समारोह के साथ साहित्यांजलि प्रभा की मासिक बैठक एवं भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों और कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों की सुंदर छटा बिखेरी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. शंभुनाथ त्रिपाठी ‘अंशुल’ एवं अध्यक्ष शंभुनाथ श्रीवास्तव ने मां वीणापाणि के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद साहित्यिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. शंभुनाथ त्रिपाठी ‘अंशुल’ को प्रथम साहित्य गौरव सम्मान-2026 प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजन में साहित्य जगत की अनेक प्रतिष्ठित विभूतियों की उपस्थिति रही। इनमें आयोजक डॉ. अजय मालवीय, पंडित राकेश मालवीय ‘मुस्कान’, डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय, डॉ. योगेंद्र कुमार मिश्र, शंभुनाथ श्रीवास्तव, मुदित मालवीय, चैतन्य मालवीय, असलम आदिल, एमएस खान, शरद श्रीवास्तव, डॉ. रामलखन चौरसिया, कवि एवं कलाकार रवींद्र कुशवाहा तथा रामसुख यादव ‘सफाया’ सहित अन्य साहित्यकार और कविगण शामिल रहे।
काव्य गोष्ठी में कवियों ने मुक्तक, गीत, दोहे और कविताओं के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, मानवीय संवेदनाओं, राष्ट्रीय चेतना, प्रेम, संस्कृति और जीवन मूल्यों को अभिव्यक्ति दी। एक से बढ़कर एक रचनाओं की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया और पूरे आयोजन में काव्य रस की अविरल धारा बहती रही।




