
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी कार्यालय में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपने लंबे सेवाकाल को पूरा कर सेवानिवृत्त हो रहे तीन उप निरीक्षकों और एक मुख्य आरक्षी को सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी।
समारोह में थाना लोहता में तैनात उप निरीक्षक जय प्रकाश दुबे, थाना भेलूपुर में तैनात उप निरीक्षक राम नरायन राम, पुलिस लाइन में तैनात घुड़सवार पुलिस के उप निरीक्षक मोहन यादव तथा पुलिस लाइन में ही तैनात मुख्य आरक्षी भरत प्रसाद को उनके दीर्घ, उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।
इस दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सेवानिवृत्त हो रहे सभी पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में सेवा करना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और आमजन के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण दायित्व है। सभी पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिचय देते हुए विभाग की गरिमा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में वर्षों तक पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ की गई सेवाएं सदैव याद रखी जाएंगी। सेवानिवृत्ति के बाद भी इनका अनुभव और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
विदाई समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को स्मृति चिह्न एवं फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखमय एवं शांतिपूर्ण जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह का माहौल भावुक और आत्मीय रहा। लंबे समय तक पुलिस विभाग की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को अधिकारियों की ओर से मिले सम्मान ने उनके सेवाकाल की यादों को एक बार फिर ताजा कर दिया।





