
-दिन में शहद और खिलौने बेचने के बहाने करते थे रेकी, रात में सर्राफा दुकानों और घरों को बनाते थे निशाना; पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार।
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: मीरजापुर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय खरवार गैंग के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली कटरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने आरोपितों के कब्जे से करीब 65 लाख रुपये कीमत के सफेद और पीली धातु के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को कोतवाली कटरा क्षेत्र के चिनियहवा इनारा, डंकीनगंज निवासी रोहित कुमार विश्वकर्मा ने अपनी दुकान से रात के समय आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना के शीघ्र खुलासे और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में 25 अक्टूबर को अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कोतवाली कटरा पुलिस, एसओजी तथा सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना और भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब बरामद आभूषणों को विभिन्न चोरी की घटनाओं से जोड़कर जांच कर रही है।
दिन में करते थे रेकी, रात में वारदात
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है। गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही और प्रयागराज समेत विभिन्न जिलों में रेलवे स्टेशन तथा बस अड्डों के आसपास डेरा डालकर रहते थे। दिन के समय शहद अथवा खिलौने बेचने के बहाने घरों और सर्राफा दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में दुकानों और घरों में घुसकर आभूषण, कीमती सामान तथा नकदी चोरी कर लेते थे। चोरी के आभूषणों को बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
बिहार के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपित
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गौतम खरवार निवासी भैरोपुर, प्रेम मांझी निवासी अघावनपुर और प्रेम खरवार निवासी सिरकी चक के रूप में की है। इनके अलावा राजकुमार खरवार निवासी बराही विदेशी गोला, चैम्पियन कुमार निवासी मनीनगर, बीरेन्द्र कुमार निवासी बराड़ी विदेशी टोला, विकास कुमार निवासी कन्डाडीह टोला और आनंद कुमार खरवार निवासी बराढ़ी को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपित बिहार के कैमूर, भोजपुर और रोहतास जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
बड़ी संख्या में आभूषण और चोरी के औजार बरामद
पुलिस के मुताबिक, बरामदगी में सफेद धातु की 585 जोड़ी पायल, छह पैजनी, 1316 पीस मीना, बच्चों के 106 चुड़ले, दो अंगूठियां, 24 राखियां, 36 चेन और 17 करधनी शामिल हैं। इसके अलावा पीली धातु की 10 ज्यूतिया, दो चेन, 11 अंगूठियां, एक लॉकेट, तीन ओम, एक झुमका और एक मांगटीका बरामद किया गया है।
चोरी में इस्तेमाल होने वाले तीन रम्भा, तीन छेनी, एक पेचकस, पांच प्लास, एक हथौड़ा और एक कटर भी पुलिस ने बरामद किया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है।
मीरजापुर के कई थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध मीरजापुर के कोतवाली कटरा, मड़िहान, लालगंज, कोतवाली देहात, राजगढ़, जिगना और सन्तनगर थानों में चोरी तथा चोरी की संपत्ति से संबंधित कुल नौ मुकदमे दर्ज होने का विवरण सामने आया है। इनमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराएं शामिल हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में कोतवाली कटरा के प्रभारी निरीक्षक नीरज पाठक, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह और सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सेठ अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजने की प्रक्रिया की गई है।




