
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे में 1 से 15 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी श्री आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) श्री अनुभव पाठक के नेतृत्व में 12 अक्टूबर को वाराणसी मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता अभियान चलाकर रेलकर्मियों, वेंडरों, ठेकेदारों और यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
इस अभियान के तहत आजमगढ़, बलिया, बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, भटनी जंक्शन, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, मऊ, बेलथरा रोड, सलेमपुर और प्रयागराज रामबाग सहित मंडल के अन्य छोटे-बड़े स्टेशनों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान रेलवे स्टाफ, ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (OBHS) स्टाफ, पैंट्री एवं कैटरिंग कर्मचारियों, स्टेशन वेंडरों और ठेकेदारों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र, ब्रीफिंग तथा क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 के प्रमुख प्रावधानों, कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में एकत्र करने की आवश्यकता, बड़े पैमाने पर कचरा उत्पन्न करने वालों की जिम्मेदारियों तथा नियमों का पालन नहीं करने पर लगने वाले जुर्माने के संबंध में जानकारी दी गई।
रेलवे कर्मचारियों और वेंडरों को कचरे के पृथक्करण एवं उचित निस्तारण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान और संकल्प कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसके माध्यम से सभी संबंधित लोगों को स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने और रेलवे परिसरों को साफ-सुथरा बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित रैलियों में ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ और ‘आओ, भारतीय रेल को स्वच्छ बनाने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाएं’ जैसे नारों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया गया। वहीं, स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणाओं के जरिए यात्रियों से स्टेशन परिसर में गंदगी नहीं फैलाने तथा स्वच्छता बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
रेलवे प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने, कचरे के उचित प्रबंधन को प्रोत्साहित करने और रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों, सेवा प्रदाताओं एवं यात्रियों को जागरूक करना है। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार चल रहा स्वच्छता पखवाड़ा 15 अक्टूबर तक जारी रहेगा।





