
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
प्रयागराज। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में जल गुणवत्ता की नियमित जांच और सतत निगरानी की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं परिसरों में निर्धारित मानकों के अनुसार पेयजल की गुणवत्ता परखी जा रही है।
26 अगस्त से 06 अक्टूबर 2026 के बीच मंडल में कुल 4,056 जल नमूनों की जांच की गई। इनमें 3,731 अवशिष्ट क्लोरीन, 317 बैक्टीरियोलॉजिकल और 8 केमिकल एनालिसिस के नमूने शामिल हैं।
अवशिष्ट क्लोरीन जांच से पानी में क्लोरीनीकरण की स्थिति, बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण से सूक्ष्मजीवों की मौजूदगी तथा केमिकल एनालिसिस से विभिन्न रासायनिक मानकों की जांच की जाती है। इसके अलावा स्टेशनों पर लगे पेयजल नलों, वाटर कूलरों और जल भंडारण टंकियों की भी नियमित निगरानी की जा रही है।
रेलवे के अनुसार, गुणवत्ता मानकों में कमी मिलने पर संबंधित विभागों के समन्वय से तत्काल सुधारात्मक एवं निवारक कार्रवाई की जाती है। जल भंडारण टंकियों की सफाई और पेयजल स्थलों के आसपास स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना मंडल की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। इसके लिए जांच और निगरानी की व्यवस्था लगातार जारी रखी जा रही है।




