
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। प्रयागराज बहरिया पुलिस और सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घर से लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं और एक बालक को सकुशल बरामद कर लिया। तीनों को वाराणसी के मंडुआडीह रेलवे स्टेशन के पास से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय बालिका अपनी 14 वर्षीय बहन और 10 वर्षीय भाई के साथ घर से निकली थी। इस संबंध में 27 सितंबर को थाना बहरिया में मुकदमा दर्ज किया गया था। बच्चों की तलाश के लिए छह पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी माध्यमों से सुराग जुटाए। फूलपुर क्षेत्र से लेकर प्रयागराज के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और प्रमुख मार्गों की फुटेज खंगालने के बाद बच्चों के वाराणसी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद बहरिया पुलिस टीम ने वाराणसी पहुंचकर तलाश अभियान चलाया और 03 अक्टूबर को मंडुआडीह रेलवे स्टेशन के पास तीनों को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामद दोनों बालिकाओं को सीडब्ल्यूसी के समक्ष पेश कर अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।




