
Ayodhya: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आज गांधी पार्क, सिविल लाइंस में जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सरकार की नीतियों एवं चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में सिविल लाइंस स्थित गांधी पार्क में सत्याग्रह किया।
सत्याग्रह का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह तथा महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने किया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी एवं चुनाव आयोग के विरोध में नारे लगाते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाता सूची की पारदर्शिता का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
सत्याग्रह के दौरान कांग्रेसजनों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया तथा भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि देश में मतदाता अधिकारों की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव और मतदाता सूची की पारदर्शिता के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग द्वारा देशभर में मतदाता सूचियों से काटे गए बताए जा रहे साढ़े 13 करोड़ नामों के संबंध में पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने तथा पात्र मतदाताओं के नाम पुनः मतदाता सूची में जोड़ने की अपील की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मत है और मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुरक्षित रहना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 326 प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की संवैधानिक भावना को स्पष्ट करता है। इसलिए मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना या हटना गंभीर विषय है। उन्होंने मांग की कि मतदाता सूची में नाम काटे जाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो और जिन पात्र नागरिकों के नाम हटे हैं, उन्हें नियमानुसार पुनः जोड़ा जाए।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध नहीं, बल्कि मतदाता के अधिकार और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न हो। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में होने वाले किसी भी संशोधन की प्रक्रिया स्पष्ट, सत्यापन योग्य और पारदर्शी होनी चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शीतला पाठक ने कहा कि आज का कार्यक्रम संविधान में निहित नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। अनुच्छेद 326 का वाचन कर कांग्रेसजनों ने यह संदेश दिया है कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र भारतीय नागरिकों के मताधिकार की रक्षा लोकतंत्र की अनिवार्य शर्त है। मतदाता सूची से नाम हटाने अथवा जोड़ने की पूरी प्रक्रिया के संबंध में जनता को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
पीसीसी सदस्य राम अवध पासी तथा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रामसागर रावत ने संयुक्त रूप से कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट समान महत्व रखता है। समाज के वंचित, गरीब और कमजोर वर्गों के पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना विशेष रूप से आवश्यक है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, अशोक कुमार सिंह, सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, मंडल अध्यक्ष आशुतोष शांडिल्य, उमेश उपाध्याय, श्रीनिवास तिवारी, रमाशंकर तिवारी, राजेंद्र प्रसाद रावत, रेनू राय, नाजिश फातिमा, अश्वनी सिंह मधुर, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, भोला भारती,विजय यादव, मिस्बाउल हक, सुनील सिंह, श्री प्रकाश जायसवाल, वाजिद अली, गौतम कुमार, बाबा विजय श्रीवास्तव, अशोक कुमार शर्मा, कल्लू शर्मा ,विकास मिश्रासहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।





