
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट वाराणसी में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं राष्ट्रसेवा तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण जैसे जीवन मूल्यों को अपने आचरण में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्शों को अपने कर्तव्यों में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि “गांधी जयंती हमें महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने की प्रेरणा देती है। स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की शुरुआत हम सभी को स्वयं से करनी होगी।”
गांधी जी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त लाइन्स गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश पाण्डेय, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल यादव, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं अपराध विनीत भटनागर, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन्स वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन शुभम जैन सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




