
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चंदौली अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चंदौली पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सकलडीहा पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग के दौरान 48 केन किंगफिशर बीयर यानी कुल 24 लीटर बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया।
पुलिस के अनुसार, 01 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 500-500 एमएल की 48 केन बीयर बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन कुमार श्रीवास्तव (21 वर्ष) पुत्र स्व. अजयलाल श्रीवास्तव, निवासी राजाबाजार, बिहिया हाईस्कूल के पास, थाना बिहिया, जनपद भोजपुर, बिहार के रूप में हुई है। उसके साथ मौजूद दो बाल अपचारियों को पुलिस ने संरक्षण में लिया।
पूछताछ में बिहार तक शराब पहुंचाने की बात
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश की लाइसेंसी शराब की दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बीयर और शराब खरीदकर उसे एकत्र किया जाता था। इसके बाद ट्रेनों के माध्यम से शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने का प्रयास किया जाता था।
मामले में थाना सकलडीहा पर मु.अ.सं. 195/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सकलडीहा पुलिस की सतर्कता से कार्रवाई
पूरी कार्रवाई थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गोपाल तिवारी, हेड कांस्टेबल राकेश यादव और कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती शामिल रहे।
चंदौली पुलिस की लगातार सक्रियता से अवैध बीयर और शराब के कारोबार पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। रेलवे मार्ग के जरिए शराब को दूसरे राज्य तक पहुंचाने के प्रयास पर सकलडीहा पुलिस की यह कार्रवाई चेकिंग व्यवस्था की सतर्कता को भी रेखांकित करती है।




