
-चोरी के पैसों से खरीदी मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। प्रयागराज कर्नलगंज थाना पुलिस ने आभूषण की दुकान से चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए 68.6 ग्राम पीली धातु के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी का सामान बेचकर प्राप्त रकम से खरीदी गई एक मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आदित्य खरे पुत्र महेन्द्र कुमार, निवासी रमेडी, थाना हमीरपुर, जनपद हमीरपुर, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है। उसे 25 सितंबर को प्रयाग स्टेशन के पीछे अयोध्या हॉस्टल के पास से गिरफ्तार किया गया।
आभूषण खरीदने के बहाने दुकान में घुसा था
पुलिस के मुताबिक, कर्नलगंज क्षेत्र के कटरा स्थित सोम आर्नामेन्ट में 16 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:40 बजे एक व्यक्ति आभूषण खरीदने के बहाने पहुंचा था। आरोप है कि मौका पाकर वह पीली धातु के आभूषणों से भरा एक बॉक्स लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन किया।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




