
Jhajjar: हरियाणा के झज्जर में बुधवार को एक अनोखा विवाह समारोह चर्चा में है। उम्रकैद की सजा काट रहे मैनपाल ढिल्ला को शादी के लिए 12 घंटे की कस्टडी पैरोल दी गई है। वह 24 सितंबर को कंबोडिया की रहने वाली मेटा चान के साथ हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह करेगा। शादी की रस्में पूरी होने के बाद उसे निर्धारित समय पर वापस जेल लौटना होगा।
सुबह 8 बजे जेल से बाहर निकला मैनपाल, रात 8 बजे होगी वापसी
मैनपाल ढिल्ला को सामान्य पैरोल के बजाय कस्टडी पैरोल दी गई है। इसके तहत वह सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक जेल से बाहर रहेगा। इस दौरान वह पुलिस की कड़ी निगरानी में रहेगा।
शादी समारोह झज्जर-गुरुग्राम रोड स्थित दुलीना फार्म में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे लंच, दोपहर 2 बजे घुड़चढ़ी और 3 बजे बारात रवाना होने का कार्यक्रम निर्धारित है। विवाह स्थल पर सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
कंबोडिया से झज्जर पहुंची दुल्हन, हिंदू रीति-रिवाज से होगी शादी
मैनपाल ढिल्ला की शादी कंबोडिया की रहने वाली मेटा चान से हो रही है। मेटा चान अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों के साथ पहले ही झज्जर पहुंच चुकी हैं। दोनों का विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार कराया जाएगा।
बताया जाता है कि कंबोडिया में रहने के दौरान मैनपाल की मुलाकात मेटा चान से हुई थी। दोनों साथ रहने लगे और उनका परिवार भी बस गया।
2018 में छह सप्ताह की पैरोल पर निकला था, फिर नहीं लौटा
मैनपाल ढिल्ला को 17 जुलाई 2018 को हिसार सेंट्रल जेल से छह सप्ताह की पैरोल मिली थी। पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद वह जेल वापस नहीं लौटा और फरार हो गया। बाद में उसने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कंबोडिया में प्रवेश किया और कई वर्षों तक वहां रहा।
मामले में भारतीय एजेंसियों के प्रयासों के बाद उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया गया। कंबोडियाई अधिकारियों ने जुलाई 2025 में उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद 2 सितंबर 2025 को उसे भारत लाया गया।
हत्या समेत कई गंभीर मामलों में दोषी
मैनपाल ढिल्ला को हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और आपराधिक साजिश समेत कई गंभीर अपराधों में दोषी ठहराया जा चुका है। वर्ष 2013 में एक मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार उसके खिलाफ करीब 22 आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं।
शादी समारोह समाप्त होने के बाद मैनपाल को पुलिस निगरानी में उसी दिन रात 8 बजे तक वापस जेल ले जाया जाएगा।




