
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के संगठन में नई जिम्मेदारी संभालने वाले महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, महानगर महासचिव हमीद जाफर मीसम और महानगर उपाध्यक्ष श्रीचंद यादव का लोहिया भवन स्थित सपा कार्यालय पर जोरदार स्वागत किया गया।
बाबा साहब वाहिनी के शिव शंकर शिवा ने तीनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को फूल-मालाएं पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। समर्थकों ने नई टीम के साथ संगठन को और धार देने तथा पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प जताया।

कार्यक्रम में 2027 की चुनावी तैयारियों को लेकर भी सियासी तेवर नजर आए। शिव शंकर शिवा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाएंगे और संगठन को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि 2027 में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री तथा अयोध्या नगर विधानसभा से पवन पांडे को विधायक बनाने के लक्ष्य के साथ कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटेंगे।
लोहिया भवन का यह स्वागत समारोह महज अभिनंदन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नई जिम्मेदारियों के साथ संगठन को सक्रिय करने और 2027 की तैयारियों को गति देने का संदेश भी देता नजर आया।



