
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा लगातार निगरानी और रखरखाव किया जा रहा है। रेलवे स्टेशनों एवं कॉलोनियों में पानी की टंकियों, वाटर कूलर, वाटर टैप, फिल्टर और पाइपलाइनों की नियमित जांच के साथ सफाई एवं रखरखाव पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मंडल में 1 जुलाई से 15 सितंबर 2026 तक पेयजल गुणवत्ता की व्यापक जांच कराई गई। इस दौरान 6,717 अवशिष्ट क्लोरीन (Residual Chlorine) परीक्षण किए गए और सभी नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। इसके अलावा 545 बैक्टीरियोलॉजिकल जल नमूनों की भी जांच की गई।
मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक एवं सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) की टीमें नियमित अंतराल पर स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों तथा प्रमुख पेयजल स्रोतों से नमूने लेकर जांच कर रही हैं। पानी की टंकियों, वाटर कूलर, फिल्टर, पाइपलाइन और वितरण बिंदुओं की सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जा रहा है। चिकित्सा एवं इंजीनियरिंग विभाग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार वाटर कूलर, कूलिंग यूनिट एवं संबंधित उपकरणों की सर्विसिंग भी कराई जा रही है।
रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों एवं रेलकर्मियों के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।




