
-वाराणसी जंक्शन पर संयुक्त बैठक में शिकायतों के समाधान और अनुबंध की शर्तों के पालन पर जोर
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। यात्रियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को वाराणसी जंक्शन पर यात्री सुविधा प्रदाताओं के सभी लाइसेंसधारकों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रियों से प्राप्त शिकायतों, उनके त्वरित समाधान तथा यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विशेष रूप से उन लाइसेंसधारकों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने के निर्देश दिए गए, जिनके विरुद्ध यात्रियों की ओर से अपेक्षाकृत अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्हें यात्रियों के साथ सम्मानजनक एवं उचित व्यवहार करने तथा रेलवे के साथ किए गए अनुबंध की शर्तों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
रेलवे प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि यात्री सुविधा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। लाइसेंसधारकों को अपनी सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेने की हिदायत दी गई।
बैठक में दो पहिया वाहन पार्किंग, प्रथम एवं द्वितीय द्वार पर संचालित कार/ऑटो पार्किंग, जनआहार, मल्टीपरपज स्टॉल तथा शौचालय से जुड़े लाइसेंसधारक शामिल हुए। इसके अलावा वाणिज्य निरीक्षक सुबोध विश्वकर्मा, एस.के. पांडेय, धनंजय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार, शिकायतों में कमी तथा रेलवे स्टेशन पर स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर यात्री सेवा व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।




