
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने अपने एकदिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे चरण में 21 सितंबर को ट्रेन सेट डिपो, औड़िहार का निरीक्षण किया। निरीक्षण से पहले उन्होंने डिपो में समीक्षा बैठक कर वहां चल रहे विभिन्न कार्यों और अनुरक्षण गतिविधियों की प्रगति की जानकारी ली।
समीक्षा बैठक के बाद महाप्रबंधक ने ट्रेन सेट डिपो का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंजीनियरिंग स्किल प्लान, हैवी रिपेयर शेड और लाइट रिपेयर शेड का अवलोकन किया। इसके साथ ही स्टोर रूम, लॉकर रूम, टूल रूम, महिला कक्ष और अग्निशमन व्यवस्था का भी जायजा लिया।
महाप्रबंधक ने पिट लाइन पर मेमू रैक की कार्यप्रणाली और अनुरक्षण व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने रेलकर्मियों से संवाद कर ट्रेन सेट की कार्यप्रणाली और अनुरक्षण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुरक्षण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने, संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ट्रेन सेट और अन्य रेल परिसंपत्तियों के अनुरक्षण में निर्धारित मानकों का पालन करते हुए नियमित निरीक्षण और निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। महाप्रबंधक ने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार का उपयोग कर अनुरक्षण कार्यों को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए ₹35,000 का प्रशंसा पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके बाद महाप्रबंधक ने ट्रेन सेट डिपो परिसर में वृक्षारोपण किया। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत उन्होंने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने डिपो परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कांत पांडेय, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी/निर्माण) नवीन कुमार झा, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर रविश कुमार तथा मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन सहित शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।



