
-शहाबगंज पुलिस की कार्रवाई; आरोपी के खिलाफ पहले से भी दर्ज हैं तीन मुकदमे
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चंदौली थाना शहाबगंज पुलिस ने चेकिंग के दौरान बड़गांवा ईंट-भट्ठे के पास से तीन गोवंशीय बछड़ों को बरामद करते हुए एक कथित पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पशुओं को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए पैदल बिहार की ओर ले जा रहा था। मामले में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर को शहाबगंज पुलिस टीम बड़गांवा ईंट-भट्ठे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति तीन गोवंशीय बछड़ों को वध के उद्देश्य से बिहार ले जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया और तीनों बछड़ों को सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजमल अंसारी पुत्र स्व. खलील, निवासी ग्राम चन्दा, थाना चांद, जिला कैमूर-भभुआ, बिहार, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रात के समय सुनसान रास्तों से छुट्टा गोवंशीय पशुओं को इकट्ठा करता था और अतायस्तगंज व बड़गांवा होते हुए गांवों तथा खेतों के रास्ते बिहार ले जाकर बेचता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ चंदौली जिले के शहाबगंज और इलिया थानों में पहले से भी गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं।
इस मामले में थाना शहाबगंज पर मु0अ0सं0 115/2026, धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अरूण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शिवपूजन सिंह और हेड कांस्टेबल इरशाद अंसारी शामिल रहे।



