
-एएनटीएफ गाजीपुर और अलीनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बरामद गांजे की कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चंदौली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट गाजीपुर और थाना अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर वाहन से 2 कुंतल 51 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर कंटेनर वाहन को भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कंटेनर वाहन से झारखंड से अवैध गांजा लेकर कटरिया क्षेत्र में पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर एएनटीएफ गाजीपुर और अलीनगर पुलिस की टीम ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कटरिया सर्विस लेन के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर वाहन संख्या UK06CB5283 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कंटेनर के केबिन के ऊपरी हिस्से में बनाए गए कथित गुप्त बॉक्स से 08 सफेद प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। इनमें कुल 120 बंडलों में 2 कुंतल 51 किलो 200 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बजरंग कुमार सिंह पुत्र उदयशंकर सिंह, निवासी काशी झरिया, थाना पिण्डराजोड़ा, जनपद बोकारो, झारखंड, उम्र करीब 29 वर्ष के रूप में हुई है। तलाशी में उसके पास से एक रेडमी एंड्रॉइड मोबाइल, निर्वाचन कार्ड, आधार कार्ड, रिलायंस कार्ड, एसबीआई एटीएम कार्ड और 900 रुपये नकद भी बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांजा मंटू सिंह निवासी बोकारो, झारखंड ने कंटेनर में लदवाकर रामनगर क्षेत्र में पहुंचाने के लिए दिया था। वहां किसी व्यक्ति को माल सौंपने के बाद पैसे लेकर वापस लौटना था।
पुलिस ने इस मामले में थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 586/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में गांजे के स्रोत और इसकी डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति के संबंध में भी जांच की जा रही है।



