
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। बलिया यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने बलिया रेलवे स्टेशन पर मंडल की पहली स्लीपिंग पॉड एवं डॉरमेट्री सुविधा शुरू कर दी है। अब ट्रेनों के बीच कई घंटे का अंतराल होने या रात्रि में ठहरने की जरूरत पड़ने पर यात्रियों को स्टेशन से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। स्टेशन परिसर में ही उन्हें सुरक्षित, किफायती और आरामदायक विश्राम की सुविधा उपलब्ध होगी।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में शुरू की गई इस सुविधा में कुल 25 बेड उपलब्ध कराए गए हैं। यात्रियों की जरूरत और बजट के अनुसार यहां चार श्रेणियों की व्यवस्था की गई है। इनमें वातानुकूलित कॉमन डॉरमेट्री, सिंगल बेड, डीलक्स रूम और महाराजा रूम शामिल हैं।
खास बात यह है कि यात्रियों को कमरे या बेड की बुकिंग पूरे दिन के लिए करने की बाध्यता नहीं होगी। सुविधा का उपयोग 3, 6, 9, 12 और 24 घंटे की अवधि के लिए किया जा सकेगा। इससे कुछ घंटे के लिए स्टेशन पर रुकने वाले यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी।
कनेक्टिंग ट्रेन वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा
बलिया स्टेशन से यात्रा करने वाले या यहां ट्रेन बदलने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो सकती है। कनेक्टिंग ट्रेनों के बीच लंबा अंतराल होने, ट्रेन देर रात या तड़के मिलने अथवा रात्रि विश्राम की जरूरत पड़ने पर यात्री स्टेशन परिसर में ही ठहर सकेंगे।
रेलवे के अनुसार, इस सुविधा से यात्रियों को बेहतर विश्राम व्यवस्था मिलने के साथ स्टेशन पर यात्री अनुभव में भी सुधार होगा। खासकर बुजुर्ग यात्रियों, परिवार के साथ सफर करने वालों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिल सकेगा।
रेलवे को भी होगा फायदा
स्लीपिंग पॉड और डॉरमेट्री सुविधा 10 वर्ष के अनुबंध के तहत संचालित की जाएगी। इससे यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ वाराणसी मंडल के गैर-किराया राजस्व में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
रेलवे की इस नई पहल से बलिया स्टेशन पर यात्रियों के लिए ठहराव की सुविधा एक नया विकल्प बन गई है। ट्रेन का इंतजार अब प्लेटफॉर्म पर बैठकर या स्टेशन के बाहर भटककर करने के बजाय यात्री कुछ घंटों के लिए आरामदायक विश्राम भी कर सकेंगे।




