
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है। रेल प्रशासन ने आनंद विहार टर्मिनस से जोगबनी और मुजफ्फरपुर के बीच संचालित होने वाली दो त्योहार विशेष ट्रेनों को देवरिया सदर और सीवान स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव देने का निर्णय लिया है। इससे इन दोनों स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
जोगबनी स्पेशल का देवरिया सदर और सीवान में ठहराव
आनंद विहार टर्मिनस से 10 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार चलने वाली 04008 आनंद विहार टर्मिनस-जोगबनी साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन देवरिया सदर स्टेशन पर रात 11:25 बजे पहुंचेगी और 11:30 बजे रवाना होगी। इसके बाद दूसरे दिन यह ट्रेन सीवान स्टेशन पर रात 12:35 बजे पहुंचेगी और 12:40 बजे रवाना होगी।
वापसी में 04007 जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनस साप्ताहिक विशेष ट्रेन 11 अक्टूबर से 8 नवंबर तक प्रत्येक रविवार चलेगी। यह सीवान स्टेशन पर सुबह 8:10 बजे पहुंचेगी और 8:15 बजे रवाना होगी, जबकि देवरिया सदर स्टेशन पर सुबह 9:20 बजे पहुंचकर 9:25 बजे रवाना होगी।
मुजफ्फरपुर स्पेशल को भी मिलेगा ठहराव
इसी क्रम में 04028 आनंद विहार टर्मिनस-मुजफ्फरपुर वाया गोरखपुर साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन देवरिया सदर स्टेशन पर रात 11:10 बजे पहुंचकर 11:15 बजे रवाना होगी।
दूसरे दिन सीवान स्टेशन पर रात 12:15 बजे पहुंचकर 12:20 बजे रवाना होगी।
वापसी में 04027 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनस विशेष ट्रेन 14 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार और शनिवार को चलेगी। ट्रेन सीवान स्टेशन पर सुबह 10:45 बजे पहुंचकर 10:50 बजे रवाना होगी, जबकि देवरिया सदर स्टेशन पर 11:50 बजे पहुंचकर 11:55 बजे रवाना होगी।
रेल प्रशासन के इस निर्णय से त्योहारों के दौरान दिल्ली, पूर्वांचल और बिहार के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।




