
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 75 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ बिहार निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में अलग-अलग ब्रांड की 213 पाउच व बोतलें बरामद हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान चन्दन कुमार (19 वर्ष) निवासी बैरी चक, थाना मसौरी, पटना, बिहार तथा राहुल कुमार (19 वर्ष) निवासी बाढ़ पोतमा, थाना बाढ़, पटना, बिहार के रूप में हुई है।
बताया गया कि सिगरा पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों को 18 सितंबर 2026 को रेलवे ओवरब्रिज लहरतारा के नीचे यू-टर्न के पास से गिरफ्तार किया। बरामद शराब में 150 पाउच 8 PM अंग्रेजी शराब (180 एमएल प्रति पाउच), 43 बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल) और 20 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड (750 एमएल) शामिल हैं।
थाना प्रभारी शिवाकान्त मिश्र की अगुवाई में सिगरा पुलिस का शिकंजा
कार्रवाई को सिगरा पुलिस की सक्रियता और सतर्कता से जोड़ते हुए पुलिस टीम ने अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए दोनों अभियुक्तों को दबोचा और बड़ी मात्रा में शराब बरामद की।
गिरफ्तारी के संबंध में मु0अ0सं0 0402/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम, थाना सिगरा के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र, चौकी प्रभारी काशी विद्यापीठ उ0नि0 पार्थ तिवारी, कांस्टेबल राहुल सिंह और कांस्टेबल संग्राम शामिल रहे।




