
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। प्रयागराज अंतरराष्ट्रीय कला जगत में प्रयागराज और देश का नाम रोशन करने वाले प्रख्यात चित्रकार रवीन्द्र कुशवाहा को गोरखपुर में आयोजित होने वाले त्रिधारा चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कला शिविर में विशिष्ट अतिथि कलाकार के रूप में आमंत्रित किया गया है।
यह कला शिविर गुरु गोरखनाथ, गौतम बुद्ध और संत कबीर की विचारधाराओं पर आधारित होगा। आयोजन में देश-विदेश के ख्यातिलब्ध कलाकार अपनी रचनात्मकता और भावपूर्ण चित्रण के माध्यम से इन महान विभूतियों के विचार-दर्शन को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करेंगे।
रवीन्द्र कुशवाहा ने चित्रकला के क्षेत्र में 1400 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार और सम्मान प्राप्त कर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय कला शिविर में विशेष अतिथि कलाकार के रूप में आमंत्रित किया गया है।
ललितकला संस्थान ‘ललिता’—ए ट्रस्ट ऑफ फाइन आर्ट, फोक आर्ट, परफॉर्मिंग आर्ट एंड कल्चर, गोरखपुर तथा सरकारी बुद्ध संग्रहालय, तारामंडल, गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन 19 से 22 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।
संस्था के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. भारत भूषण ने बताया कि शिविर में चार देशों के लगभग 30 प्रख्यात कलाकार हिस्सा लेंगे। कलाकार गुरु गोरखनाथ, गौतम बुद्ध और संत कबीर की विचारधाराओं से प्रेरित होकर अपने ज्ञान, दर्शन और अनुभव को भावपूर्ण कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।
शिविर के अंतिम दिन तैयार की गई कलाकृतियों की विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। साथ ही सहभागी कलाकारों को सम्मानित भी किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में रवीन्द्र कुशवाहा की सहभागिता को प्रयागराज के कला जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।




