
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल आंकड़ा एवं संसाधन प्रबंधक तथा राजभाषा अधिकारी श्री आशुतोष पाण्डेय के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल पर 09 से 23 सितम्बर 2026 तक हिन्दी पखवाड़ा मनाया जा रहा है।
इसी क्रम में हिन्दी पखवाड़े के अंतर्गत आज 14 सितम्बर 2026 को हिन्दी दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेंदु सभा कक्ष में राजभाषा पखवाड़ा समारोह-2026 के अंतर्गत कर्मचारी वर्ग के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के विभिन्न विभागों एवं स्टेशनों से आए कुल 26 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने हिन्दी भाषा, साहित्य, राजभाषा तथा सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया।
राजभाषा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों को राजभाषा हिन्दी के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करना तथा हिन्दी के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्थान प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को 23 सितम्बर 2026 को आयोजित राजभाषा पखवाड़े के समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।





