
-250 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा, मंडल महिला कल्याण संगठन ने किया प्रतिभाओं को प्रोत्साहित
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन, नई दिल्ली के तत्वावधान में मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी की ओर से रविवार को रेल कर्मचारियों के बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के उद्देश्य से ऑन स्पॉट निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता वाराणसी मंडल के क्षेत्राधिकार वाले वाराणसी, छपरा, गोरखपुर, मऊ, बलिया, प्रयागराज रामबाग एवं सीवान जंक्शन स्टेशनों पर 6 से 15 वर्ष आयु वर्ग के रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए सुबह 10:30 से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित हुई। आयु के आधार पर बच्चों को तीन ग्रुपों में विभाजित किया गया, जिसमें 250 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी की अध्यक्षा वाणी जैन ने अधिकारी क्लब, लहरतारा में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सचिव जागृति सिंह, कोषाध्यक्ष मधुलिका सिंह सहित संगठन की सदस्याएं सुनीता गौर, शालिनी अवस्थी, प्रतिमा कुशवाहा, प्रियंका पाण्डेय एवं लीना शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन हित निरीक्षक अविनाश कुमार ने किया।
प्रतियोगिता के प्रत्येक ग्रुप में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ दो सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों का वितरण नई दिल्ली में आयोजित महिला दिवस समारोह में किया जाएगा। इसके अलावा मंडल स्तर पर भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले बच्चों से किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया गया।
प्रतियोगिता के बाद अध्यक्षा श्रीमती वाणी जैन एवं संगठन की सदस्याओं ने सभी प्रतिभागी बच्चों को पेंसिल बॉक्स, बिस्किट, चिप्स एवं जूस उपहार स्वरूप प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। श्रीमती वाणी जैन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागी बच्चों, रेलकर्मियों एवं संगठन की सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
रेलवे परिवार के बच्चों में रचनात्मकता, लेखन प्रतिभा एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देने वाला यह आयोजन कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति रेलवे प्रशासन एवं मंडल महिला कल्याण संगठन की निरंतर प्रतिबद्धता का उदाहरण है।





