
-मूलभूत सुविधाओं को बेहतर रखने के साथ दवाओं और भोजन की गुणवत्ता पर निगरानी के दिए निर्देश
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चंदौली जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार रात करीब 10:20 बजे बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति परखी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, इमरजेंसी, नेत्र कक्ष समेत विभिन्न पटल का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की मौजूदगी, समयबद्ध उपचार व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के संचालन के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
डीएम ने अस्पताल में भर्ती और उपचार करा रहे मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा अस्पताल की सभी सेवाएं प्रभावी और सुचारु रूप से संचालित की जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता बनाए रखने और दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
डीएम ने अस्पताल की कैंटीन में मरीजों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच करने तथा पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर निर्माण एवं एक्सपायरी डेट की भी लगातार निगरानी रखने को कहा।
उन्होंने कहा कि अस्पताल की सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए सभी चिकित्सक और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा सहित अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।





