
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Ayodhya: पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कन्दैयला गांव में 25 अगस्त को हुए रामलगन मौर्य हत्याकांड के मामले में मृतक के परिजन दर्जनों सामाजिक व राजनीतिक संगठन के लोगों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या को प्रार्थना पत्र देकर नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की उच्चस्तरीय/SIT जांच कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे रामलगन मौर्य अपनी वृद्ध मां के साथ डॉक्टर से दवा लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर रास्ते में हमलावरों ने पहले बम से हमला किया और इसके बाद करीब 20-22 राउंड फायरिंग की। हमले में रामलगन मौर्य की मौत हो गई, जबकि उनकी वृद्ध मां गंभीर रूप से घायल हुईं और उनका इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि घटना पूरी तरह सुनियोजित थी और CCTV कैमरों में घटना से जुड़े साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें पुलिस द्वारा कब्जे में लिए जाने की बात प्रार्थना पत्र में कही गई है।
प्रार्थना पत्र में नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ NSA, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट की धाराएं बढ़ाने की मांग की गई है। साथ ही हत्या की साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई, बड़ी संख्या में बम और अवैध असलहों की उपलब्धता के स्रोत की जांच तथा पीड़ित परिवार को स्थायी पुलिस सुरक्षा देने की मांग की गई है। परिजनों ने जनपद में हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की भी मांग उठाई है। इसके अलावा प्रार्थना पत्र में सन्नी सिंह (करणी सेना) के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग का उल्लेख है।
30 अगस्त 2026 को दिए गए प्रार्थना पत्र में अंजनी मौर्य ने SSP से पूरे मामले में निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।




