
- रिपोर्ट: प्राची सिंह
South India Tour: अगर आप दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो आईआरसीटीसी का ‘दक्षिण भारत यात्रा’ पैकेज आपके लिए उपयोगी हो सकता है। भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से संचालित इस यात्रा में तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और श्रीशैलम के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
यह यात्रा 31 जुलाई 2026 से 11 अगस्त 2026 तक चलेगी। कुल 11 रात और 12 दिन के इस पैकेज की शुरुआती कीमत 23,560 रुपये प्रति व्यक्ति रखी गई है।
इन स्टेशनों से सकेंगे ट्रेन में बोर्डिंग
भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन कर गोरखपुर से रवाना होगी। यात्री रास्ते में मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर स्टेशनों से भी ट्रेन में सवार हो सकेंगे।
तिरुपति में दो रात का ठहराव
यात्रा का पहला प्रमुख पड़ाव रेनिगुंटा होगा। यहां से यात्रियों को सड़क मार्ग से तिरुपति ले जाया जाएगा और दो रात ठहरने की व्यवस्था रहेगी।
इस दौरान श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी मंदिर, श्री कालहस्ती मंदिर और पद्मावती मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। हालांकि, तिरुमला दर्शन की व्यवस्था यात्रियों को स्वयं करनी होगी।
रामेश्वरम, मदुरै और कन्याकुमारी भी पैकेज में शामिल
इसके बाद यात्रा रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध रामनाथस्वामी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। किसी कारण ट्रेन रामेश्वरम स्टेशन तक नहीं पहुंच पाती है तो कुदालनगर या मनामदुरई स्टेशन से सड़क मार्ग द्वारा यात्रियों को रामेश्वरम ले जाने की व्यवस्था की जाएगी।
इसके बाद यात्रा मदुरै पहुंचेगी, जहां मीनाक्षी अम्मन मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। अगले चरण में कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल समेत प्रमुख स्थानीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
श्रीशैलम में मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन
यात्रा के अंतिम धार्मिक पड़ाव में ट्रेन मार्कापुर रोड पहुंचेगी। यहां से यात्रियों को बस के जरिए श्रीशैलम ले जाया जाएगा। श्रद्धालुओं को यहां मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे।
दर्शन और भ्रमण के बाद वापसी यात्रा शुरू होगी और ट्रेन 11 अगस्त 2026 को गोरखपुर पहुंचेगी।
कितना है किराया?
आईआरसीटीसी के इस पैकेज में अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार किराया निर्धारित किया गया है:
- स्लीपर इकोनॉमी: 23,560 रुपये प्रति व्यक्ति
- 3AC स्टैंडर्ड: 39,100 रुपये प्रति व्यक्ति
- 2AC कंफर्ट: 51,760 रुपये प्रति व्यक्ति
बच्चों के लिए अलग किराया निर्धारित है। सिंगल बुकिंग करने वाले यात्रियों को डबल या ट्रिपल शेयरिंग के आधार पर कमरा साझा करना होगा।
पैकेज में मिलेंगी ये सुविधाएं
पैकेज में भारत गौरव ट्रेन से यात्रा, निर्धारित श्रेणी के अनुसार होटल में ठहरने की सुविधा, वॉश एंड चेंज, सुबह की चाय, नाश्ता और शाकाहारी भोजन शामिल है। इसके अलावा स्थानीय परिवहन, ट्रैवल इंश्योरेंस, टूर एस्कॉर्ट और पूरे सफर के दौरान आईआरसीटीसी टूर मैनेजर की सेवाएं भी पैकेज में शामिल हैं।
सभी लागू टैक्स भी पैकेज की कीमत में शामिल किए गए हैं।




