
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गंगा बैराज के पास एक दर्दनाक विमान हादसा सामने आया है। यहां एक ट्विन-इंजन ट्रेनिंग विमान उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
उड़ान भरने के 20 मिनट बाद खेत में गिरा विमान
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के अनुसार, हादसा ग्वालटोली क्षेत्र के नत्थापुरवा गांव के बाहरी इलाके में हुआ। गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर का चार सीटों वाला ‘टेकनम’ (Tecnam) ट्विन-इंजन विमान सुबह करीब 11:30 बजे प्रशिक्षण उड़ान पर रवाना हुआ था।
करीब 20 मिनट बाद, लगभग 11:50 बजे विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा। विमान को आसमान से खेत की ओर गिरते देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
गुजरात के ट्रेनर और कर्नाटक के ट्रेनी पायलट की मौत
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों पायलटों की पहचान कर ली गई है। विमान में ट्रेनर के रूप में मौजूद सचिन भाटिया गुजरात के रहने वाले थे, जबकि ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी कर्नाटक के निवासी थे।
विमान के खेत में गिरते ही वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों पायलटों की मौके पर ही मौत हो गई।
DGCA की टीम करेगी हादसे की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर सुरक्षित कर लिया है। फिलहाल विमान दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। विमान में तकनीकी खराबी आई थी या दुर्घटना के पीछे कोई अन्य कारण था, इसकी जांच की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को हादसे की सूचना दे दी है। अब DGCA की विशेष टीम घटनास्थल पर पहुंचकर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों की विस्तृत जांच करेगी।





