
Beijing: नेपाल में भोटेकोसी नदी में आई अचानक बाढ़ से हुई भारी तबाही के बाद हालात अभी भी चिंताजनक बने हुए हैं। इसी बीच चीन ने एक और गंभीर चेतावनी जारी की है। नदी में आए मलबे के कारण एक विशाल बैरियर लेक (अवरोधक झील) बन गई है, जिसके कभी भी टूटने का खतरा मंडरा रहा है। इस संभावित खतरे को देखते हुए निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
नदियों के संगम पर बनी 20 लाख घन मीटर की झील
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, चीन के जल संसाधन मंत्रालय ने इस स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। चीनी अधिकारियों के मुताबिक, नेपाल में छोछेन खोला और पुरेपू त्सांगपो नदियों के संगम के पास मलबा जमा होने से एक बड़ी अवरोधक झील बन गई है।
गुरुवार सुबह तक इस झील में करीब 20 लाख घन मीटर पानी जमा हो चुका था। अधिकारियों के अनुसार, झील में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है और पानी के ओवरफ्लो होने की स्थिति भी सामने आई है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
अगले तीन दिन बेहद अहम, टूटने का बढ़ा खतरा
चीनी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में झील में करीब 30 लाख घन मीटर अतिरिक्त पानी जमा हो सकता है। पानी के बढ़ते दबाव के चलते प्राकृतिक बांध के टूटने का जोखिम काफी बढ़ गया है।
यदि यह बैरियर लेक अचानक टूटती है, तो इसका सीधा असर भोटेकोसी नदी के निचले इलाकों पर पड़ सकता है। इससे अचानक तेज जलप्रवाह और बाढ़ की स्थिति पैदा होने की आशंका है। संभावित खतरे को देखते हुए नेपाल में संवेदनशील और निचले इलाकों में प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।





