
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: प्रयागराज पूरामुफ्ती थाना पुलिस, SOG नगर और सर्विलांस सेल नगर की संयुक्त टीम ने अपहरण व हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो चारपहिया वाहन भी बरामद किए हैं। तीनों की गिरफ्तारी 26 अगस्त 2026 को कुसुवां रेलवे फाटक के पास से की गई।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को अहमदपुर असरौली निवासी कमलेश कुमार ने पूरामुफ्ती थाने में सूचना दी थी कि उनके भांजे मोनू कुशवाहा को कुछ लोग काले रंग के चारपहिया वाहन से जबरन ले गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेम कुमार उर्फ मुन्ना (करीब 50 वर्ष), पुनीत मौर्या (करीब 30 वर्ष) और खुशबु मौर्या (करीब 27 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों कौशांबी जिले के रहने वाले हैं।
पूछताछ में हत्या की बात कबूली
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नेम कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष पर उसकी बेटी की दहेज के लोभ में हत्या करने का आरोप था। इसी रंजिश में उसने मोनू कुशवाहा को जबरन कार में बैठाकर ले जाने और उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी के मुताबिक, हत्या के बाद शव को यमुना नदी में फेंक दिया गया।
पुलिस और जल पुलिस की टीम यमुना नदी में शव की तलाश के लिए अभियान चला रही है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
दो वाहन बरामद
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दो चारपहिया वाहन बरामद किए हैं। मामले में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 99/26 में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 238, 3(5) और 140(1) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पुनीत मौर्या का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में सराय अकिल थाने में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी तथा SC/ST एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।
गिरफ्तारी में पूरामुफ्ती थाना पुलिस, SOG नगर और सर्विलांस सेल नगर की टीम शामिल रही। पुलिस टीम अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच करने के साथ ही यमुना नदी में मोनू कुशवाहा के शव की तलाश में जुटी है।





