
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. चंदौली सकलडीहा पुलिस ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 45 पाउच अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 9 लीटर है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष सकलडीहा भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम इटवा में लाइसेंसी देशी शराब की दुकान के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से 45 पाउच देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर ब्लू लाइम देशी शराब थी। इस तरह बरामद शराब की कुल मात्रा 9 लीटर बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रदुम्न सोनकर पुत्र स्वर्गीय रविशंकर सोनकर, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी ग्राम इटवा, थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली को गिरफ्तार किया।
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर सकलडीहा थाने में मु0अ0सं0-167/2026, धारा 60 उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
अवैध शराब के खिलाफ की गई इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक गोपाल तिवारी तथा हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद यादव शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




