
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi. रेल संरक्षा को और मजबूत करने, स्टेशनों पर स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं में सुधार तथा रेलवे परिसंपत्तियों के बेहतर रख-रखाव के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने मंगलवार को मंडलीय अधिकारियों के साथ कप्तानगंज-थावे रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान उन्होंने बोदरवार, लक्ष्मीगंज, रामकोला, बड़हरागंज, पडरौना, कठकुईयां, दुदही, तमकुही रोड, तरयासुजान एवं सासामूसा स्टेशनों का जायजा लिया। इसके अलावा समपार संख्या 99B1 एवं 70C तथा पडरौना रेलवे कॉलोनी का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने विभिन्न स्टेशनों पर परिचालन एवं संरक्षा व्यवस्थाओं, स्टेशन पैनल, रिले रूम, आईपीएस रूम, संरक्षा उपकरण, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री शेड और साफ-सफाई की स्थिति को परखा। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल, स्वच्छ वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सभी व्यवस्थाओं के नियमित रख-रखाव के निर्देश दिए।
दोहरीकरण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा पर जोर
बोदरवार स्टेशन पर डीआरएम ने दोहरीकरण योजना के तहत चल रहे क्षमता विस्तार एवं यात्री सुविधा विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्ययोजना और प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान रेल संरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करें।
समपार फाटकों पर परखी संरक्षा व्यवस्था
कप्तानगंज-लक्ष्मीगंज रेलखंड के किमी 122/11-12 पर स्थित समपार संख्या 99B1 का निरीक्षण करते हुए डीआरएम ने गेट सिग्नल, चेतावनी बोर्ड, हाईट गेज, सीएलएस पैनल, बूम लॉकिंग, सड़क की सतह, स्पीड ब्रेकर एवं साफ-सफाई की जांच की। टूटे हुए फर्श की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने गेटमैन हरिनारायण प्रसाद का संरक्षा ज्ञान भी परखा तथा सेफ्टी काउंसलर के माध्यम से गेटमैनों को समय-समय पर संरक्षा नियमों एवं नवीनतम निर्देशों की जानकारी देने को कहा।
इसी प्रकार बड़हरागंज-पडरौना के बीच किमी 97/10-11 पर स्थित समपार संख्या 70C का भी निरीक्षण किया गया। यहां गेट सिग्नल, संरक्षा उपकरण, सीएलएस पैनल, हाईट गेज, चेतावनी बोर्ड, सड़क की सतह एवं स्पीड ब्रेकर की जांच की गई। डीआरएम ने गेटमैन अशोक पासवान से संरक्षा संबंधी जानकारी ली और निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं की ली जानकारी
लक्ष्मीगंज स्टेशन पर पैनल रूम, संरक्षा उपकरण, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए शेड में पंखे लगाने तथा स्टेशन परिसर में पेड़ के पास बने चबूतरे में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। डीआरएम ने क्षेत्रीय व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी भी ली।
रामकोला स्टेशन पर स्टेशन पैनल, रिले रूम, आईपीएस रूम, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया गया। उन्होंने व्यापार मंडल के सदस्यों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं को जाना और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बड़हरागंज स्टेशन पर संरक्षा रिकॉर्ड, स्टेशन पैनल, रिले रूम, आईपीएस रूम, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया एवं प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया गया। स्टेशन अधीक्षक और पॉइंटमैन से ट्रेनों के परिचालन तथा यात्री सुविधाओं की जानकारी ली गई।
पडरौना स्टेशन और रेलवे कॉलोनी का भी निरीक्षण
पडरौना स्टेशन पर डीआरएम ने स्टेशन पैनल, संरक्षा उपकरण, रिले रूम, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और यात्री शेड का निरीक्षण किया। वाटर बूथ पर पेयजल की गुणवत्ता भी परखी गई।
स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का मानचित्र के माध्यम से अवलोकन करते हुए उन्होंने कार्ययोजना की जानकारी ली और निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पडरौना रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण कर पेयजल की गुणवत्ता और बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था का जायजा लिया गया। जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए डीआरएम ने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। खराब एवं जर्जर रेलवे आवासों को नियमानुसार परित्यक्त घोषित करने की कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।
तमकुही रोड और सासामूसा में भी दिए जरूरी निर्देश
कठकुईयां स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, स्टेशन पैनल, पावर डिस्ट्रीब्यूशन पैनल, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति देखी गई। दुदही स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और परिचालनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए समुचित रख-रखाव के निर्देश दिए गए।
तमकुही रोड स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं संरक्षा उपकरणों का निरीक्षण करते हुए डीआरएम ने स्टेशन स्टोर को इलेक्ट्रिक पैनल में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तमकुही रोड नगर पंचायत की अध्यक्ष सोनिया जायसवाल से भी औपचारिक वार्ता कर क्षेत्रीय जनता की आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली।
तरयासुजान स्टेशन पर स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, यात्री सुविधाओं और सुरक्षित परिचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं सासामूसा स्टेशन पर पैनल रूम के सामने टीन शेड के साथ बेंच और पंखे लगाने के निर्देश दिए गए। पेड़ के पास अनावश्यक कंक्रीट हटाकर चबूतरा बनाने तथा आम जनता की समस्याओं और आवश्यकताओं का संज्ञान लेने को भी कहा गया।
कर्मचारियों के आवास और कल्याण पर भी जोर
डीआरएम आशीष जैन ने अधिकारियों को रेलवे कर्मचारियों के लिए सुरक्षित और बेहतर आवासीय वातावरण सुनिश्चित करने तथा रेलवे कॉलोनियों की मूलभूत सुविधाओं के नियमित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पॉल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष गुप्ता, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी, सहायक मंडल इंजीनियर मनीष त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
निरीक्षण के अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने, रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा विकास एवं अनुरक्षण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।




