
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi. मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के निर्देश एवं जिला आयुक्त (स्काउट) श्री अनुभव पाठक के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ वाराणसी के तत्वावधान में आयोजित पंचम जिला रैली-2026 के अंतर्गत गुरुवार को सारनाथ में हाइक कम नेचर स्टडी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पंचम जिला रैली-2026 का आयोजन 12 से 16 अगस्त 2026 तक नवभारत क्लब, न्यू लोको कॉलोनी, वाराणसी में किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित हाइक एवं नेचर स्टडी कार्यक्रम में लगभग 125 स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सारनाथ स्थित बौद्ध विहार का भ्रमण किया और प्रकृति तथा पर्यावरण के महत्व को करीब से समझने का प्रयास किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति को समृद्ध बनाने के विभिन्न उपायों को लेकर गोष्ठी भी आयोजित की गई। प्रतिभागियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए प्रकृति संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
हाइक कार्यक्रम के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स ने बौद्ध विहार परिसर में सेवा कार्य भी किया। सेवा एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों के माध्यम से प्रतिभागियों ने सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम में मऊ, भटनी, छपरा, गाजीपुर एवं वाराणसी से आए स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। जिला संगठन आयुक्त (स्काउट एवं गाइड) के कुशल प्रबंधन एवं मार्गदर्शन में आयोजित हाइक के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की।
पंचम जिला रैली-2026 का मुख्य उद्देश्य स्काउट्स एवं गाइड्स में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, प्रकृति प्रेम तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। रैली के दौरान शैक्षिक, सांस्कृतिक, साहसिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।




