
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi. स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत वाराणसी मंडल के बनारस रेलवे स्टेशन पर 10 अगस्त को भव्य देशभक्ति बैंड प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने स्टेशन परिसर को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बनारस की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या आठ स्थित निर्धारित छायाचित्र स्थल यात्री कक्ष में दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक आयोजित हुआ। रेलवे सुरक्षा बल प्रशिक्षण केंद्र, गोरखपुर से आए बैंड दल ने अनुशासित और मनमोहक प्रस्तुतियों से यात्रियों एवं उपस्थित लोगों में देशभक्ति की भावना का संचार किया।
रेलवे सुरक्षा बल के बैंड दल ने ‘वंदे मातरम्’, ‘जहां डाल-डाल पर चिड़िया करती है बसेरा, वो भारत देश है मेरा’ और ‘दिल दिया है जान भी देंगे, ऐ वतन तेरे लिए’ सहित विभिन्न प्रेरणादायी देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। मधुर देशभक्ति धुनों से पूरा स्टेशन परिसर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओतप्रोत हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों, विदेशी पर्यटकों, रेल कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेल पुलिस एवं नागरिक पुलिस के जवानों ने तालियों के साथ बैंड दल का उत्साहवर्धन किया। कई यात्री देशभक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए और उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल के बैंड दल की प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक सुरक्षा आयुक्त, छपरा अजय कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रभारी निरीक्षक, मडुआडीह अजय राज वर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने रेलवे सुरक्षा बल के बैंड की उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और नागरिकों में राष्ट्र गौरव की भावना को मजबूत करने के साथ रेलवे परिसर में सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण का निर्माण करते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बनारस के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर बनारस रेलवे स्टेशन के विभिन्न विभागों के रेल कर्मचारी एवं पर्यवेक्षक, स्थानीय पुलिस, राजकीय रेल पुलिस तथा रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए। आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।





