
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चन्दौली सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा बिहार के मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित रूप से अभद्र टिप्पणी, गाली-गलौज और धमकी भरे पोस्ट करने के आरोप में कन्दवा थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक और असामाजिक सामग्री प्रकाशित करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कन्दवा पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नियाजुदीन (19 वर्ष) पुत्र जाकिर अली, निवासी ग्राम अरंगी, थाना कन्दवा, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा बिहार के मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने, आपत्तिजनक टिप्पणी करने और धमकी देने का आरोप है। इस संबंध में थाना कन्दवा में मु0अ0सं0 60/2026 एवं 61/2026 के तहत धारा 351(2), 352 बीएनएस तथा 66 आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद कुमार अंचल के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर कानून का उल्लंघन करने वाली अथवा आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




