
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत काशी जोन पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर के नेतृत्व में थाना भेलूपुर पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:45 बजे वीडीए पार्क के पास से कुश पाण्डेय (25 वर्ष) पुत्र उदय शंकर पाण्डेय, निवासी ईबी-237, वीडीए कॉलोनी, बड़ी गैबी, थाना भेलूपुर, वाराणसी को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक चाकू बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, थाना भेलूपुर में दर्ज मु.अ.सं. 0451/2026 के तहत आरोपी पर आरोप है कि उसने वादी पक्ष के भतीजे दीपांशु राय, पुत्र स्वर्गीय शिवशंकर राय, निवासी ईबी-237, वीडीए कॉलोनी, बड़ी गैबी की किसी धारदार हथियार से हत्या कर दी। आरोप है कि घटना के बाद उसने हथियार छिपा दिया और पूछताछ करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मु.अ.सं. 0436/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) में थाना भेलूपुर में मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, उपनिरीक्षक नवीन कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक रोहित तिवारी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार चौहान तथा पुलिसकर्मियों अजय कुमार सिंह, सर्वेश कुमार सिंह और नगीना मौर्य की टीम ने अंजाम दिया।




