
- ज्ञानेश वर्मा / यूपी हेड
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए किए गए इस बदलाव का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाना बताया जा रहा है।
तबादला सूची के अनुसार अमरेंद्र सिंह सेंगर को लखनऊ पुलिस कमिश्नर के पद से नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
वहीं पीयूष मोडिया को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। नवीन अरोड़ा को एडीजी वाराणसी जोन और राम कुमार को एडीजी गोरखपुर जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा धर्मवीर को आईजी पीएसी पूर्वी जोन, प्रयागराज, विनोद कुमार सिंह को आईजी विशेष जांच, लखनऊ, तथा जोगेंद्र कुमार को आईजी पीटीएस, मुरादाबाद नियुक्त किया गया है।
तबादला सूची में अनूप कुमार सिंह को एसपी आर्थिक अपराध शाखा (EOW) बनाया गया है, जबकि आनंद कुमार को एसपी लोक शिकायत, पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। अशोक जैन को आईजी अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से लखनऊ सहित प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों और जोनों में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। आगामी चुनावी तैयारियों और बड़े धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर यह तबादला सूची महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





